हिन्दी हमारी राष्ट्रीय भाषा
इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया में हिंदी दिवस पर हमारी राष्ट्र भाषा हिंदी की धूमधाम रही। ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न शहरों में तरह--तरह के उत्सवों का आयोजन किया गया, जिसमें हिन्दी प्रेमियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। हिन्दी आज विश्व की सबसे ज्यादा बोले जाने वाली भाषाओं में दूसरे स्थान पर है, विश्व में करीब 600 मिलियन लोग हिंदी भाषी हैं। पिछली जनगणना के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में करीब चालीस हज़ार व्यक्तियों की प्रथम भाषा हिन्दी है। हिन्दी के इतिहास पर नज़र डालें तो हिंदी का प्रादुर्भाव संस्कृत भाषा से हुआ व इसे सिन्धु कहा गया और फारसी भाषा में 'स' का उच्चारण न होने के कारण उन्होंने इसे सिंध से हिंद व फिर हिन्दी बना दिया। पिछले कुछ दशकों में हिंदी की स्थिति में बहुत परिवर्तन आया है, हिन्दी ने अपना रूप बदला है और अनेकों भाषाओं के शब्दों ने इसे और अधिक समृद्ध बनाया है। हिन्दी एक व्यवस्थित भाषा है और इसके नियम लगभग निश्चित है। इसके शब्द भंडार में हिन्दी के मूल शब्दों की संख्या ढाई लाख से भी अधिक है। हिन्दी भाषा हमारे देश की संस्कृति और संस्कारों का प्रतिबिंब है और इसे अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी बहुत पसंद किया जाता है और आज विदेशों में भी विश्व हिन्दी सम्मेलनों का सफल आयोजन होता है। फीजी, मॉरिशस, गयाना, सूरीनाम और नेपाल में अनेक लोग हिन्दी भाषी हैं।
भारत सरकार द्वारा हिंदी भाषा को एकजुटता का माध्यम बनाने के लिए सन् 1949 में एक एक्ट बनाया गया जिसका उद्देश्य सरकारी कार्यों में हिंदी का प्रयोग अनिवार्य करना था। आज हिन्दी देश की राजभाषा है, भारत में तकनीकी क्रांति ने इसे इन्टरनेट के माध्यम से विश्व के कोने-कोने में पहुंचा दिया है।
आज हिन्दी की शिक्षा ऑस्ट्रलिया में दो यूनिट के रूप में हाई-स्कूल के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है, कुछ वर्ष पहले हिन्दी सिडनी विश्वविद्यालय में भी थी परन्तु अब वह प्रौढ़ शिक्षा का एक भाग बन कर रह गई है, यहाँ विभिन्न स्तरों पर हिन्दी सिखाई जाती है। कैनबरा और मेलबर्न में हिन्दी विश्वविद्यालय में पत्राचार या डिस्टन्स से सीखी जा सकती है।
- रेखा राजवंशी
No comments:
Post a Comment